बक्सर। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। हत्या के पांच दिन बाद बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के बक्सर से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों को पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, STF की टीम रविवार रात बक्सर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंची और छापेमारी कर मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को हिरासत में लिया।
इस दौरान जिले के कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव से भी पूछताछ की गई, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बक्सर पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है।
42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि हमलावर उनकी कार का पीछा कर रहे थे।
कार रुकते ही बदमाशों ने बंद खिड़की के पार सामने से फायरिंग की और फरार हो गए। हमले में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका इलाज जारी है। चंद्रनाथ को सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चंद्रनाथ रथ पहले एयरफोर्स में अधिकारी रह चुके थे। वीआरएस लेने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया और बाद में राजनीति से जुड़ गए।
सुवेंदु अधिकारी जब तृणमूल कांग्रेस में थे, तभी से चंद्रनाथ उनके साथ काम कर रहे थे। वर्ष 2019 में वे सुवेंदु की आधिकारिक टीम का हिस्सा बने थे। उन्हें सुवेंदु के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता था और वे हमेशा लो-प्रोफाइल रहते थे।
