18 मंजिला इमारत की लिफ्ट गिरी, 5 लोग घायल

मुंबई। मुंबई के बायकुला इलाके में बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब 18 मंजिला रिहायशी इमारत की लिफ्ट अचानक गिर गई। इस दुर्घटना में लिफ्ट में सवार 5 लोग घायल हो गए। घटना रात करीब 10 बजे घोड़ापदेव क्रॉस लेन नंबर-1 स्थित जय कृपा टावर में हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अधिकारियों के अनुसार, लिफ्ट चौथी मंजिल से अचानक नीचे की ओर गिर गई। उस समय लिफ्ट में पांच लोग मौजूद थे, जो तेज झटके से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बेस्ट कर्मी, एंबुलेंस और स्थानीय वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी की जान को खतरा नहीं है। हालांकि, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी या मेंटेनेंस में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम इमारत प्रबंधन से पूछताछ कर रही है और लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जा रही है।

घटना के बाद इमारत के अन्य लिफ्टों की भी सुरक्षा जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। हादसे ने हाईराइज इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version