बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण गर्मी और जल संकट का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंचा एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। तेंदुआ कुएं के अंदर मोटर पाइप के सहारे लटका मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना बालोद जिले के जगतरा गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 4 साल का तेंदुआ रात के समय पानी की तलाश में गांव की ओर पहुंचा था। इसी दौरान वह खुले कुएं में जा गिरा। सुबह जब ग्रामीण पानी भरने पहुंचे तो उन्होंने कुएं के अंदर तेंदुए को पाइप से लटका देखा। तेंदुए को देखकर लोग डर गए और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालोद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल भी गांव में मौजूद है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी में जुटी हुई है। कुएं के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से दूरी बनाए रखने और शोर न करने की अपील की है, ताकि तेंदुआ ज्यादा घबराए नहीं।
वन अधिकारियों के मुताबिक, गर्मी बढ़ने के कारण जंगलों में जलस्रोत सूख रहे हैं। इसी वजह से जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं। फिलहाल रेस्क्यू टीम तेंदुए को सुरक्षित निकालने के प्रयास में लगी हुई है।
