बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना बड़वानी शहर के कसरावद रोड स्थित कुक्षी बायपास के पास रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ साल का नर तेंदुआ सड़क पार कर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने तेंदुए को घायल अवस्था में देखा और वीडियो बनाकर तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर वन सर्किट हाउस में सुरक्षित रखवा दिया।
बड़वानी के डीएफओ आशीष बसोड़ ने बताया कि गर्मी के चलते अक्सर जंगली जानवर पानी की तलाश में जंगल से बाहर आ जाते हैं। संभावना है कि यह तेंदुआ भी प्यास के चलते शहरी क्षेत्र की ओर आया था और सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गया। वन विभाग के अनुसार, शुक्रवार को तेंदुए का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार वन विभागीय प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए जंगल से लगती सड़कों पर चेतावनी संकेतक, गति सीमा और रफ्तार पर नियंत्रण के उपाय किए जाएंगे। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए सुरक्षित है या नहीं।