दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी जिले डोडा में रविवार तड़के भूकंप के झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई है। यह झटका ऐसे समय में आया है जब केंद्र शासित प्रदेश पहले से ही खराब मौसम और भू-राजनीतिक तनाव के साये में है।
मौसम विभाग (IMD) के अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का झटका रविवार तड़के सुबह 01:25 बजे महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से मात्र 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। कम गहराई पर केंद्र होने के कारण झटके काफी स्पष्ट रूप से महसूस किए गए, जिससे कई लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
राहत की बात यह है कि अभी तक प्रशासन या स्थानीय सूत्रों से जान-माल के किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। डोडा जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर पैनी नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि दूरदराज के पहाड़ी इलाकों से फीडबैक लिया जा रहा है। फिलहाल किसी भी इमारत के गिरने या सड़क धंसने की खबर नहीं है।
