रायपुर। स्वर कोकिला लता मंगेशकर (Swara Kokila Lata Mangeshkar) का मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल (Kandy Hospital) में निधन हो गया. वह 92 साल की थीं. मंगेशकर को कोविड-19 पॉजिटीव पाए जाने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया था. स्वर कोकिला के निधन से भारतीय संगीत जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसे कभी नहीं भरा जा सकता है.
स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन से देश और दुनियाभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्यपाल अनुसुईया उइके, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने स्वर कोकिला स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन बेहद दुःखद और सम्पूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिवारजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सुश्री लता मंगेशकर जी के गाये मधुर गीत हमेशा लोगों के दिलों में बसे रहेंगे। उनकी आवाज़ ही उनकी पहचान है, जो कभी खो नहीं सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लता मंगेशकर जी ने 30 से ज्यादा भाषाओं में गीत गाए, उनके निधन से भारत ने आज एक रत्न खो दिया है।
राज्यपाल ने शोक संदेश में कहा है कि स्वर कोकिला सुश्री लता मंगेशकर के निधन से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके योगदान को भुला पाना मुश्किल है। हम सबकी प्रिय गायिका, जिनके गीतों को सुनकर, मधुरिम सुरों को महसूस कर हम सबसे अच्छा समय बिताते आ रहे, ऐसे अद्वितीय सुरों की महान साधिका लता मंगेशकर जी का 92 वर्ष की आयु में निधन बेहद दुःखद है। उनकी आवाज़ विश्वभर के संगीतप्रेमियों की स्मृतियों में युग-युगांतर यात्रा करेगी। राज्यपाल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित हुए उनके शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
पूर्व सीएम ने ट्वीट कर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर कोकिला, भारत रत्न दीदी लता मंगेशकर जी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूँ। उनके द्वारा गाये गीत रह रहकर उनके अप्रतिम योगदान को याद दिला रहे हैं। आज निश्चित ही मधुर संगीत के एक युग का अंत हो गया। ईश्वर दीदी को अपने श्री चरणों मे स्थान दें, प्रशसंकों को धैर्य प्रदान करे।ॐ शांति!
नेता प्रतिपक्ष ने धरमलाल कौशिक ने ट्वीट करते हुए लिखा कि विनम्र श्रद्धांजलि:स्वर कोकिला,भारत रत्न लता मंगेशकर जी का दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ।मैं ईश्वर से उनके पुण्य आत्म को अपने श्रीचरण में स्थान प्रदान करें,इसकी कामना करता हूँ। ओम शान्ति।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि स्वर सम्राज्ञी, भारत रत्न हम सबके ह्रदय में निवास करने वाली दीदी लता मंगेशकर जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुखी हूँ। उनके निधन से देश की कला और संस्कृति के क्षेत्र में जो रिक्तता आई है उसे कोई भर नहीं पायेगा l ईश्वर लता दीदी को अपने श्रीचरणों मे स्थान दें, तथा उनके परिजनों और प्रशसंकों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति l ॐ शांति