छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं लालमती, सरकारी योजनाओं की मदद से बनी कारोबारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाएं अब धरातल पर सार्थक परिणाम देने लगी हैं। जशपुर जिले के गम्हरिया ग्राम की लालमती इसका प्रेरणादायी उदाहरण हैं। एक साधारण मजदूर से सफल उद्यमी बनने तक का उनका सफर दृढ़ संकल्प, मेहनत और शासन की योजनाओं की मदद से तय हुआ।

लालमती ने प्रजापति गौरी स्व-सहायता समूह से जुड़कर बिहान योजना के अंतर्गत शासन की मदद पाई। इसके बाद उन्होंने उद्योग विभाग से लोन लेकर शटरिंग प्लेट का व्यवसाय शुरू किया। जनवरी 2025 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया।

वर्तमान में उनके पास 200 से अधिक शटरिंग प्लेट हैं, जिन्हें वे निजी मकानों और प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों के लिए किराए पर देती हैं। फरवरी 2025 से अब तक वे इस व्यवसाय से लगभग 35,000 से 40,000 रुपये की आय अर्जित कर चुकी हैं। गांव में चल रहे मकान निर्माण कार्यों के कारण उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है।

लालमती ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने भी कहा कि शासन का संकल्प है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने और समाज की आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभाए। लालमती जैसी महिलाएं आज छत्तीसगढ़ की सामाजिक-आर्थिक चेतना की प्रतीक हैं।

Exit mobile version