कोटा। छत्तीसगढ़ के कोटा में चैत्र नवरात्रि के मौके पर ब्रह्माकुमारीज संगठन ने एक भव्य चैतन्य देवी झांकी का आयोजन किया। इस झांकी में मां जगदंबा का रूप जया, मां सरस्वती का रूप गीता और माता महालक्ष्मी का रूप जानवी ने धारण किया। वहीं, छोटी कन्याएं नव्या और स्वरा ने वैष्णो देवी और दुर्गा का रूप लिया।
इस आयोजन में राजयोग की साधना करने वाली ब्रह्माकुमारी बहनों ने गहन ध्यान और एकाग्रता से भक्तों को दिव्य अनुभव कराए। यह झांकी तीन दिन – सप्तमी, अष्टमी और नवमी तक लगाई गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
झांकी का उद्घाटन नगर अध्यक्ष सरोज साहू, दुर्गेश साहू, बीके छाया (मुख्य संचालिका), बीके कृष्णा और अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर किया। सभी ने मिलकर चैतन्य देवियों की भव्य आरती की। मुख्य संचालिका बीके छाया ने नारी शक्ति और आध्यात्मिकता का महत्व समझाते हुए सभी का स्वागत किया। इस आयोजन में भक्तों को देवी स्वरूपों के साक्षात दर्शन का अद्भुत अनुभव हुआ।