केआईटीजी-2026: कर्नाटक का दबदबा बरकरार, मेजबान छत्तीसगढ़ ने जीते दो महत्वपूर्ण पदक

रायपुर। ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के आठवें दिन कर्नाटक ने एथलेटिक्स ट्रैक पर अपनी बादशाहत कायम रखते हुए पदक तालिका में बढ़त और मजबूत कर ली है। दशरथ तलवार और नागिनी के स्वर्णिम प्रदर्शन ने कर्नाटक को शीर्ष पर बनाए रखा है, वहीं मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

एथलेटिक्स: कर्नाटक और ओडिशा की चमक
जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर में कर्नाटक के दशरथ तलवार ने 10 किमी रेस वॉक में स्वर्ण और दर्शन बगाड़ी ने रजत जीतकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। महिला वर्ग में नागिनी ने 800 मीटर दौड़ में 2:13.80 के समय के साथ सोने का तमगा जीता। इसके साथ ही कर्नाटक के स्वर्ण पदकों की संख्या 21 पहुंच गई है।

दूसरी ओर, ओडिशा ने अपनी चुनौती बरकरार रखते हुए आज चार स्वर्ण पदक जीते। दावनिधि मुंडा (800 मीटर), रोशन खड़िया (400 मीटर हर्डल्स), दीपा किसान (हाई जंप) और धनमती जेस (भाला फेंक) ने अपने-अपने इवेंट में अव्वल स्थान हासिल किया। झारखंड ने भी दो स्वर्ण जीतकर तालिका में तीसरा स्थान सुरक्षित किया है।

मेजबान छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ के लिए गजेंद्र ठाकुर ने पुरुष 800 मीटर दौड़ में 1:53.82 के समय के साथ रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया। गजेंद्र ने बताया कि उन्होंने महज एक साल पहले ही एथलेटिक्स की ट्रेनिंग शुरू की थी। हॉकी के मैदान पर भी छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए मध्य प्रदेश को 14-6 से शिकस्त दी और कांस्य पदक अपने नाम किया।

फुटबॉल: फाइनल की टीमें तय
रायपुर के विवेकानंद स्टेडियम में खेले गए फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबले में मेजबान टीम का सामना पश्चिम बंगाल से होगा, जिसने गोवा को 5-2 से मात दी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ 2 स्वर्ण, 8 रजत और 5 कांस्य के साथ पदक तालिका में 10वें स्थान पर है।

Exit mobile version