दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज अपहरण का खुलासा हुआ है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग को इंस्टाग्राम के जरिए हनीट्रैप में फंसाकर किडनैप कर लिया गया। आरोपियों ने बच्चे के पिता से 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी, लेकिन पुलिस की तत्परता से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस मामले में एक युवती समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 12 अप्रैल को ठेकेदार ने अपने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि बेटा और उसका चचेरा भाई तिरंगा चौक गए थे, तभी एक ग्रे सेंट्रो कार में आए लोग उसे अपने साथ ले गए। कुछ ही देर बाद पिता के मोबाइल पर कॉल आया और 1 करोड़ रुपए की मांग की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवती के जरिए इंस्टाग्राम पर नाबालिग को फंसाया। युवती ने 4-5 दिन तक बातचीत कर उसे अपने जाल में लिया और मिलने के बहाने बुलाया। जैसे ही वह कार में बैठा, उसे अगवा कर लिया गया।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो धमतरी जिले के भखारा इलाके में मिली। वहां नाकेबंदी कर जेसीबी से रास्ता रोककर संदिग्ध कार को पकड़ा गया और नाबालिग को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित का सगा भांजा ही था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। सभी आरोपियों के पास से कार और मोबाइल जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
