सरगुजा में दंगल: कल से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आगाज; 30 राज्यों के 144 रेसलर्स अंबिकापुर में दिखाएंगे दम

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ का सरगुजा जिला एक ऐतिहासिक खेल महाकुंभ का साक्षी बनने जा रहा है। देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ की कुश्ती स्पर्धा की मेजबानी इस बार अंबिकापुर को मिली है। 28 मार्च से स्थानीय गांधी स्टेडियम में पुरुष और महिला वर्ग के रोमांचक मुकाबले शुरू होंगे।

देशभर के जनजातीय प्रतिभाओं का महाकुंभ

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख से लेकर कन्याकुमारी तक के कुल 30 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 144 रेसलर्स (महिला एवं पुरुष) अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम और मेजबान छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों की टीमें पहुंच चुकी हैं। वनांचलों में छिपी जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना।

4 दिन, 3 शिफ्ट में होंगे मुकाबले

गांधी स्टेडियम में 28 से 31 मार्च तक चलने वाली इस स्पर्धा को दर्शकों की सुविधा के लिए तीन चरणों में बांटा गया है। प्रथम चरण: सुबह 8:00 से 9:00 बजे तक। द्वितीय चरण: सुबह 11:00 से दोपहर 2:00 बजे तक। तृतीय चरण: शाम 4:00 बजे से खेल समाप्ति तक।

DD स्पोर्ट्स पर होगा लाइव टेलीकास्ट

इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स (DD Sports) और प्रसार भारती पर किया जाएगा। “भारत के जनजातीय खेल, छत्तीसगढ़ मा सुंदर मेल” की टैगलाइन के साथ यह आयोजन दुनिया भर के खेल प्रेमियों तक पहुंचेगा।

अंबिकापुर का गांधी स्टेडियम अब पूरी तरह सज चुका है। स्थानीय युवाओं के लिए यह आयोजन किसी प्रेरणा से कम नहीं है, जहां वे देश के सर्वश्रेष्ठ जनजातीय पहलवानों को अपनी आंखों के सामने लड़ते देख सकेंगे।

Exit mobile version