केदारनाथ-बद्रीनाथ में सीजन की पहली बर्फबारी, राजस्थान में 12°C तक गिरा तापमान

दिल्ली। उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। हेमकुंड साहिब में करीब 2-3 इंच तक बर्फ जमी, जबकि केदारनाथ में तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क गया। मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर तक भारी बारिश और बर्फबारी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चारधाम यात्रा का दूसरा चरण जारी है, जिसमें रोजाना 5 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर में भी बर्फबारी हुई है। यहां तापमान सामान्य से 10 से 18 डिग्री तक गिरा है। चंबा का अधिकतम तापमान 14.7°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिख रहा है। पंजाब और हरियाणा में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के अंबाला, पंचकूला, करनाल, कैथल और हिसार सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। उधर, राजस्थान में जयपुर, सीकर, नागौर और हनुमानगढ़ में 4 इंच तक पानी बरसने से तापमान 12 डिग्री तक गिर गया है।

बिहार के 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में सीएम ममता बनर्जी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। कुल मिलाकर, उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश-बर्फबारी से मौसम ठंडा हो गया है और दिसंबर जैसी ठिठुरन महसूस होने लगी है।

Exit mobile version