कटिहार हादसा: 100 की स्पीड में बस ने पिकअप को उड़ाया, 13 की मौत

पटना। बिहार के कटिहार में शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में 10 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र में NH-31 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बस ने पहले बाइक सवारों को टक्कर मारी और फिर पिकअप से भिड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से ज्यादा थी और ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि बस ने पहले दो बाइक सवारों को कुचला, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित बस सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए।

पिकअप में सवार लोग झारखंड से मेला देखकर लौट रहे थे। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कई लोग गाड़ियों में बुरी तरह फंसे थे, जिन्हें निकालने के लिए पिकअप की बॉडी काटनी पड़ी। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल बस का फिटनेस सर्टिफिकेट 2021 में ही खत्म हो चुका था, बावजूद इसके वह सड़कों पर दौड़ रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है।

Exit mobile version