कांकेर। पखांजूर के कापसी पीवी-7 निवासी उज्जवल मंडल ने अपनी दूसरी बीवी के साथ मिलकर पहली पत्नी को जलाने की कोशिश की. महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं FIR दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक सौतन के बीच विवाद पति के पास सोने को लेकर हुआ था। जानकारी के मुताबिक, पखांजूर के कापसी पीवी-7 निवासी उज्जवल मंडल ने करीब 17 साल पहले सविता मंडल से शादी की थी। दोनों के 2 बच्चे भी हैं। करीब ढाई साल पहले प्रेम प्रसंग के चलते उज्जवल महाराष्ट्र की महिला जबा मंडल को शादी कर घर ले आया। उसका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। सौतन और पहली पत्नी के बीच सोने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पति भी मौके पर पहुंच गया। उल्टा वह अपनी पहली पत्नी पर चिल्लाने लगा।
केरोसीन डालकर लगाई आग
इसके बाद विवाद बढ़ गया औरघर में रखा केरोसीन लाए और सविता पर उड़ेल कर उज्जवल ने लाइटर से आग लगा दी।
FIR दर्ज होने के बाद फरार
इसके बाद सविता चिल्लाते हुए भागी और घर के सामने बने छोटे से तालाब में कूदकर आग बुझाई। आग लगने से महिला की छाती और पेट गंभीर रूप से झुलस गया है। उसके चेहरा भी झुलसा है। घटना के बाद सविता की बेटी ने रिश्तेदारों को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे और उसे पंखाजूर के अस्पताल में भर्ती कराया। उज्जवल भी झुलस गया। वह पखांजूर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहा था, लेकिन FIR दर्ज होते ही दूसरी पत्नी के साथ फरार हो गया।