बाल हितैषी पंचायत में अव्वल बना कछिया, 95.71 अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान

रायपुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब जमीन पर असर दिखाने लगे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कछिया ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पंचायत ने पीएआई 2.0 सर्वे के तहत थीम-3 (बाल हितैषी पंचायत) में 95.71 अंक अर्जित कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई दी है। उन्होंने इसे “सबका साथ, सबका विकास” के मॉडल का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक बताया।

ग्राम पंचायत कछिया ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समग्र विकास का मॉडल तैयार किया है। पंचायत के स्कूलों में 155 बच्चे अध्ययनरत हैं, जिनमें बालिकाओं की संख्या भी अच्छी है। पंचायत द्वारा स्कूलों का नियमित निरीक्षण, स्वच्छता अभियान, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।

इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ समन्वय कर शत-प्रतिशत टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण और मातृ-पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया है। ग्रामसभा में बच्चों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना भी इस सफलता का अहम कारण रहा है।

शुरुआती दौर में पलायन, आर्थिक स्थिति और जागरूकता की कमी जैसी चुनौतियां सामने थीं, लेकिन पंचायत ने घर-घर संपर्क, अभिभावकों से संवाद और सामुदायिक भागीदारी के जरिए इन समस्याओं को दूर किया। अब पंचायत ने शत-प्रतिशत नामांकन, शून्य ड्रॉपआउट और बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी कार्ययोजना भी तैयार की है।

कछिया पंचायत की यह उपलब्धि ग्रामीण विकास और बाल कल्याण के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर उभरी है।

Exit mobile version