‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का निधन, कार्डियक अरेस्ट से गई जान; मुंबई पुलिस जांच में जुटी

मुंबई। मशहूर एक्ट्रेस और डांसर शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें 27 जून की रात कार्डियक अरेस्ट आया।

शेफाली को उनके पति और एक्टर पराग त्यागी और तीन अन्य लोग अंधेरी के बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के स्टाफ ने पुष्टि की कि शेफाली को मृत अवस्था में ही लाया गया था। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है।

शेफाली की अचानक मौत से इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर है। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अंबोली पुलिस स्टेशन में परिजन और घर की मेड व कुक से पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम भी उनके घर पर साक्ष्य जुटा रही है। शेफाली जरीवाला को 2002 में आए रीमिक्स सॉन्ग ‘कांटा लगा’ से बड़ी पहचान मिली थी। बोल्ड अंदाज और डांस मूव्स से वह रातों-रात स्टार बन गई थीं। इसके बाद उन्होंने ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्मों, कई म्यूजिक वीडियोज और कन्नड़ फिल्म ‘हुडुगारू’ में काम किया। वेब सीरीज ‘बेबी कम ना’ में भी उन्होंने अभिनय किया।

शेफाली ने अपनी निजी जिंदगी में भी उतार-चढ़ाव देखे। 2004 में उन्होंने संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन 2009 में तलाक हो गया। 2015 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया। शेफाली ने पहले एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें 15 साल की उम्र में मिर्गी के दौरे पड़ते थे, जो तनाव और चिंता के कारण होते थे। हालांकि, योग और एक्सरसाइज की मदद से उनकी तबीयत में सुधार हुआ। 2019 में शेफाली ने ‘बिग बॉस 13’ में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी, जहां वे अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ नजर आई थीं। सिद्धार्थ का भी 2021 में कार्डियक अरेस्ट से निधन हुआ था। शेफाली के अचानक निधन ने उनके फैंस और इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचाया है।

Exit mobile version