मुख्यमंत्री की मदद बनी शालू के सपनों की सीढ़ी
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी शालू डहरिया के जीवन में उस समय नई उम्मीद जागी, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उन्हें वीडियो कॉल कर न केवल शुभकामनाएं दीं, बल्कि उनकी जरूरत को समझते हुए 1.70 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। यह राशि उन्हें चीन के सिआन में 14 से 20 जुलाई को आयोजित होने वाली एशिया यूथ सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए दी गई है।
शालू डहरिया अब तक 12 बार राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। आर्थिक रूप से सामान्य परिवार से आने वाली शालू के पिता प्राइवेट गार्ड और मां ब्यूटी पार्लर संचालिका हैं। टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए जरूरी फीस उनके लिए एक बड़ी बाधा थी, लेकिन मुख्यमंत्री की त्वरित मदद ने उनके सपनों को नई उड़ान दी।
सीएम साय ने शालू से कहा –
“बेटी, तुम आगे बढ़ो… हम सब तुम्हारे साथ हैं। अच्छा खेलो और प्रदेश का नाम रोशन करो।”
मुख्यमंत्री की पहल पर जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वयं शालू को चेक सौंपा। इस पर शालू की मां अल्का डहरिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मदद केवल आर्थिक नहीं, बल्कि भावनात्मक समर्थन भी है। मुख्यमंत्री साय ने यह स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बेटियों को केवल प्रोत्साहित ही नहीं करती, जरूरत पड़ने पर उनका संबल भी बनती है। यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासन की मिसाल है, जो जरूरतमंदों के सपनों में साझेदार बनने को तैयार है।