इजराइल में नौकरी का मौका: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए 3500 पदों पर भर्ती, 1.99 लाख तक मिलेगा वेतन

दुर्ग। इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। दुर्ग जिला प्रशासन ने इजराइल में ‘होम-बेस्ड केयर गिवर’ के 3500 पदों पर भर्ती को लेकर सूचना जारी की है। यह भर्ती भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत नेशनल स्किल डेव्हल्पमेंट कार्पोरेशन (NSDC) के माध्यम से की जा रही है।
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती तौर पर लगभग 1.99 लाख रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। जिला प्रशासन के अनुसार चिकित्सा बीमा, आवास और अन्य निर्धारित कटौतियों के बाद भी उम्मीदवारों को करीब 1,99,770 रुपए मासिक वेतन प्राप्त होगा। नियुक्ति प्रारंभ में दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास केयर गिविंग से संबंधित मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी या नर्स असिस्टेंट में से किसी एक क्षेत्र की योग्यता भी आवश्यक है। इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। अंतिम चयन से पहले इजराइली नियोक्ता द्वारा ऑनलाइन इंटरव्यू लिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
आवेदकों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक है। इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन, कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना भी जरूरी है। आवेदक की लंबाई 1.5 मीटर और वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए।
चयनित युवाओं को इजराइल में आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, 9 राष्ट्रीय अवकाश, 16 वार्षिक अवकाश और सप्ताह में छह दिन कार्य की सुविधा मिलेगी। हालांकि पहले इजराइल में काम कर चुके उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।





