रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू को पदभार ग्रहण कराते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जितेंद्र साहू के नेतृत्व में तेलघानी विकास बोर्ड की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जितेन्द्र साहू एक शिक्षित और प्रगतिशील किसान हैं और उन्हें सामाजिक जीवन का गहरा अनुभव है। इसके कारण, उनके नेतृत्व में तेलघानी विकास बोर्ड प्रदेश के किसानों के लिए नई दिशा और अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मियों में खेती के लिए जल और ऊर्जा की आवश्यकता अधिक होती है। ऐसे में तिलहन फसलों को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान के तहत तेलघानी विकास बोर्ड को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने किसानों के नवाचारों की सराहना की, जैसे सरगुजा जिले में ऑर्गेनिक चावल उत्पादन और पारंपरिक विधि से सरसों का तेल निकालना, जिन्हें बढ़ावा देने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत 15 महीनों में कई वादों को पूरा किया है। उन्होंने आगामी 30 अप्रैल तक ‘आवास सर्वेक्षण प्लस प्लस’ अभियान का जिक्र करते हुए आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक सुनील सोनी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।