Janjgir: गर्लफ्रेंड की शादी दूसरी जगह तय कर दी, इसलिए उसकी मां की कर दी हत्या, नाराज प्रेमी ने सिर पर पत्थर पटककर मारा, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतिका ने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। इसी बात से आरोपी नाराज था और उसने अपनी प्रेमिका के मां के सिर पर भारी पत्थर पटक दिया।

जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। वहीं पुलिस ने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक प्रार्थी जावलपुर निवासी रामप्रसाद धीवर ने इस मामले में 24 मार्च को शिकायत की थी। उसने शिकायत में बताया कि पत्नी बृहस्पति बाई(55) और घर के लोग 23 मार्च की रात को खाना खाकर सो गए थे। 23-24 मार्च की दरमियानी रात को किसी शख्स ने मेरी पत्नी के सिर पर पत्थर पटक दिया है। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुई है.

गंभीर हालत में हॉस्पिटल में कराई गई भर्ती

गंभीर हालत में उसे अस्पताल लेकर गए। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया था। मामले की जांच की जा रही थी।

इलाज के दौरान महिला की मौत

इधर, बृहस्पति बाई का इलाज भी बिलासपुर के अस्पताल में जारी था। इस बीच शनिवार शाम को ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा मामला सामने आया है।

Exit mobile version