जांजगीर-चांपा। पुरानी रंजिश के चलते उपसंरपच पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला सरपंच और उसके परिवार की सरेराह पिटाई कर दी। उपसरपंच पति और उसके साथियों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में सरपंच पति और उनके बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने सरपंच के बेटों को कपड़ा फाड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मामला डभरा थाना क्षेत्र के घोघरी ग्राम पंचायत का है।
जानिए क्या है पूरा मामला
मुनुदाई सिदार घोघरी ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। काम में उनका सहयोग उनके पति समारू लाल भी करते हैं। शुक्रवार को पति-पत्नी अपने 2 बच्चों और पंचायत के अन्य लोगों के साथ गांव में सुलभ शौचालय का ले-आउट बनाने के लिए गए हुए थे। उसी दौरान गांव की उपसरपंच दिनेश्वरी जायसवाल का पति रामआश्रय भी पहले से मौजूद था।
सरंपच परिवार को देखते ही करने लगा गाली-गलौच
उपसरंपच पति ने जैसे ही सरपंच और उसके परिवार को देखा उसने गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। गाली देता देख सरपंच के दोनों बेटों ने रामआश्रय को मना किया। लेकिन वह नहीं माना। फिर सरपंच अपने पति और बच्चों के साथ उसकी शिकायत करने थाने जाने लगीं।
रामआश्रय ने 3 साथियों के साथ मिलकर सरपंच और उसके परिवार को मारना शुरू किया
जैसे ही परिवार गाड़ी में बैठने के लिए आगे बढ़े, रामआश्रय ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर सरपंच और उसके परिवार को मारना शुरू कर दिया। इस दौरान लाठी और रॉड से पीटना शुरू कर दिया। सरपंच के बेटों के कपड़े फाड़ दिए। मारपीट के बाद आरोपी उपसरपंच और उसके साथी भाग निकले। इस घटना में सरपंच और उसके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोगों की मदद से घायलों को रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। साथ ही मामले की शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी।
जानिए क्या है विवाद की वजह
उपसरपंच पारिवारिक विवाद की वजह से गांव में नहीं रहती थी। न ही पंचायत की बैठक में शामिल होती थी। गांव में नहीं रहने की वजह से एक दिन सरपंच पति समारू लाल कुछ पंचायत के दस्तावेज में हस्ताक्षर को लेकर दिनेश्वरी के घर पहुंचा। इस दौरान सरपंच पति ने दिनेश्वरी से कहा कि जब तुम्हें पंचायत आना ही नहीं है, न ही गांव में रहना है तो उपसरपंच की पद से इस्तीफा दे दो। ये बात उपसरपंच के पति को खटक गई। फिर उसी दिन से सरपंच पति के खिलाफ उसका गुस्सा बढ़ गया था।
एसपी ऑफिस में हुई थी शिकायत
रामआश्रय उस घटना के बाद से उनके परिवार को कई बार धमका चुका था। बार-बार वो उन्हें जान से मारने की धमकी देता था। इसी वजह से सरपंच और उसके पति ने 2 फरवरी को मामले की शिकायत एसपी ऑफिस में की थी। इसके बाद अब यह पूरी घटना हो गई है।