रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 10 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर आईपीएल (IPL) के मुकाबलों की मेजबानी करेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगी।
दिग्गज टीमों और सितारों का होगा जमावड़ा
रायपुर के मैदान पर न केवल विराट कोहली का बल्ला गरजेगा, बल्कि बॉलीवुड के ‘किंग खान’ शाहरूख खान की मौजूदगी की भी पूरी संभावना है। शेड्यूल के मुताबिक 10 मई 2026 को आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस (रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और सूर्या का मुकाबला)। 13 मई 2026 को आरसीबी बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR के ओनर शाहरुख खान आ सकते हैं रायपुर)।
चिन्नास्वामी विवाद और रायपुर का ‘कमिटमेंट’
दरअसल, जून 2025 में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना के बाद वहां मैचों को लेकर अनिश्चितता थी। उस वक्त आरसीबी प्रबंधन ने छत्तीसगढ़ सरकार से रायपुर में मैच कराने का वादा किया था। हालांकि अब चिन्नास्वामी को मंजूरी मिल गई है, लेकिन आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने अपना वादा निभाते हुए रायपुर को दो मैच देने का फैसला किया।
स्टेडियम में सुविधाओं का होगा कायाकल्प
मैचों को देखते हुए स्टेडियम में दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। गोल्ड और प्लैटिनम श्रेणियों में सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए भगदड़ जैसी स्थिति रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जल्द ही आरसीबी की मैनेजमेंट टीम रायपुर आकर सुरक्षा और सुविधाओं का अंतिम जायजा लेगी।
रायपुर में आखिरी बार 2016 में आईपीएल मैच खेले गए थे। अब बीसीसीआई के पूर्ण नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सुविधाओं के कारण रायपुर एक बार फिर बड़े सितारों के स्वागत के लिए तैयार है।
