IPL 2026: सुपर ओवर में कोलकाता की रोमांचक जीत

दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को IPL 2026 के पहले सुपर ओवर मुकाबले में हराकर शानदार जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने 20-20 ओवर में 155-155 रन बनाए, जिसके बाद मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा।

कोलकाता की ओर से रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार 4 छक्के लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वहीं फील्डिंग में भी रिंकू ने कमाल दिखाते हुए 5 शानदार कैच लपके।

लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को टाई कर दिया और सुपर ओवर में पहुंचाया। इससे पहले कप्तान ऋषभ पंत ने 42 और ऐडन मार्करम ने 31 रन की अहम पारियां खेलीं।

सुपर ओवर में मैच पूरी तरह कोलकाता के पक्ष में चला गया। अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नरेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लखनऊ को सिर्फ 1 रन पर रोक दिया और 2 विकेट भी झटके। इसके जवाब में रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

इस जीत के साथ कोलकाता की टीम पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि लखनऊ की स्थिति और खराब हो गई है। लखनऊ को अब प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे। यह मुकाबला IPL 2026 के सबसे रोमांचक मैचों में से एक बन गया है।

Exit mobile version