राजधानी में फूटा इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट: पैंट्री कार से होती थी ड्रग्स की तस्करी, 6 आरोपी गिरफ्तार

थाईलैंड-नाइजीरिया तक जुड़े तार, कोकीन और MDMA समेत नशीले पदार्थ जब्त; रांची से दिल्ली और जयपुर तक फैला था नेटवर्क

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। जांच एजेंसी ने एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ट्रेनों की पैंट्री कार के कर्मचारियों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए करता था। मामले के तार थाईलैंड और नाइजीरिया समेत विदेशों से जुड़े होने की आशंका है।

रांची-जमशेदपुर से दिल्ली और जयपुर तक नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत जैन, उदित कुमार, आकाश मल्होत्रा, स्नेहा पासवान, मिलन सिंह और ऋषभ जैन के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपियों को 14 अक्टूबर, मिलन सिंह को 15 अक्टूबर और ऋषभ जैन को इसके बाद गिरफ्तार किया गया। एनसीबी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के दूसरे सदस्यों और तस्करी के तरीकों की जानकारी जुटाने में लगी है।

जांच के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क रांची और जमशेदपुर के अलावा दिल्ली और जयपुर तक फैला था। एक आरोपी के विदेशी मोबाइल नंबरों के संपर्क में रहने की जानकारी भी सामने आई है। इससे अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच की जा रही है। रांची के मोरहाबादी और कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को भी 26 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

कोकीन, MDMA और कार जब्त

एनसीबी की कार्रवाई में आरोपियों के पास से 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम MDMA और 3.5 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा हुंडई एक्सेंट कार भी जब्त की गई है। एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए नशीले पदार्थों की सप्लाई अलग-अलग शहरों में की जाती थी।

रेव पार्टियों पर भी जांच का फोकस

इस कार्रवाई के बाद रांची में निजी फार्म हाउसों और अन्य स्थानों पर आयोजित होने वाली रेव पार्टियों में नशीले पदार्थों की सप्लाई की आशंका की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में कहीं ड्रग्स की सप्लाई तो नहीं की जा रही थी।

फिलहाल विदेशी कनेक्शन और तस्करी के पूरे नेटवर्क की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। एनसीबी की पूछताछ से इस मामले में अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

↑
Exit mobile version