मलबे में दबकर 10 वर्षीय बालक ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
बिलासपुर। बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत केकती में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जर्जर कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे मलबे में दबकर 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान महेंद्र कश्यप (10) पिता बलदाऊ कश्यप, निवासी केकती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जिस मकान में यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। सोमवार को अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर बालक दब गया।
परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की हालत काफी खराब थी और समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर मकानों की स्थिति को लेकर पहले भी कई बार ध्यान दिलाया गया, लेकिन इस ओर गंभीरता से काम नहीं किया गया। इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
