बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर इलाके में शनिवार रात एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का दफ्तर जुआ फड़ में तब्दील मिला। एसीसीयू की टीम ने दबिश देकर मौके से 9 रसूखदार जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 84,400 रुपए नकद, 13 मोबाइल फोन और बीएमडब्ल्यू, थार, क्रेटा समेत 4 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 45.84 लाख रुपए आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि जनता कंस्ट्रक्शन के ऑफिस में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही एसीसीयू की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने देखा कि कमरे के अंदर फड़ जमाकर जुआ खेला जा रहा है। टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में बिल्डर, प्रॉपर्टी डीलर और अन्य कारोबारी शामिल हैं, जो लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाना के सुपुर्द कर दिया, जहां उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जाएगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। साथ ही जब्त वाहनों के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
