18 अगस्त से शुरू हुआ शिशु संरक्षण माह: 9 माह से 5 साल तक के बच्चों की होगी विशेष देखभाल, विटामिन-A से लेकर एनीमिया-कुपोषण की जांच

रायपुर। बच्चों के जीवन के शुरुआती पांच साल उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसी उम्र में कुपोषण, एनीमिया और संक्रमण जैसी समस्याओं से बचाव के लिए छत्तीसगढ़ में शिशु संरक्षण माह का नया चरण 18 अगस्त 2026 से शुरू किया गया है। स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग के संयुक्त अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच और देखभाल की जा रही है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बीमारी और मृत्यु दर को कम करना है। इसके तहत बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, जरूरी विटामिन और खनिज की उपलब्धता तथा अभिभावकों को पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

विटामिन-A और IFA सिरप मिलेगा

शिशु संरक्षण माह के दौरान आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-A की खुराक दी जाएगी। इससे विटामिन-A की कमी और आंखों से जुड़ी समस्याओं से बचाव के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी। वहीं 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को एनीमिया से बचाने के लिए आयरन-फॉलिक एसिड (IFA) सिरप दिया जाएगा।

जिन बच्चों का नियमित टीकाकरण छूट गया है, उन्हें भी जरूरी टीके लगाए जाएंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों का वजन और लंबाई मापकर कुपोषण की पहचान की जाएगी। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को जरूरत के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाएगा। दस्त से बचाव के लिए परिवारों को ORS और जिंक के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।

माताओं को स्तनपान और पोषण की जानकारी

अभियान में माताओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने और शुरुआती छह महीने तक केवल मां का दूध देने के लिए जागरूक किया जाएगा। छह माह के बाद स्तनपान के साथ पौष्टिक पूरक आहार शुरू करने की सलाह दी जाएगी।

इसके अलावा बच्चों के मानसिक विकास के लिए उनसे बातचीत करने, उन्हें पढ़कर सुनाने और पर्याप्त नींद देने पर जोर दिया जाएगा। स्वच्छता, हाथ धोने की आदत और बच्चों को उम्र के अनुसार सक्रिय रखने की जानकारी भी दी जाएगी।

विभाग का कहना है कि शिशु संरक्षण माह केवल स्वास्थ्य सेवाएं देने का अभियान नहीं, बल्कि परिवारों को बच्चों के पोषण और देखभाल के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावकों की सामूहिक भागीदारी से स्वस्थ और कुपोषण-मुक्त पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।

↑
Exit mobile version