इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 40 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद लौटी तिरुपति

तिरुपति। इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को तकनीकी खराबी आने के कारण वह उड़ान भरने के 40 मिनट बाद हवा में ही चक्कर लगाती रही और अंततः वापस तिरुपति एयरपोर्ट लौट आई। यह फ्लाइट तिरुपति से हैदराबाद के लिए शाम 7:42 बजे रवाना हुई थी और लगभग 8:34 बजे लौट आई। यह दिन की आखिरी शेड्यूल्ड फ्लाइट थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक, विमान तिरुपति से उड़ान भरने के बाद वेंकटगिरी शहर के पास जाकर यू-टर्न ले आया। फ्लाइट एयरबस A321neo थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्रियों को इंडिगो काउंटर पर रीशेड्यूलिंग की मांग करते हुए देखा गया। यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से बहस भी की। इंडिगो की ओर से इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

पहले भी फ्लाइट को करना पड़ा है वापस

इससे पहले भी हाल के दिनों में कई फ्लाइट्स को तकनीकी कारणों से वापस लौटना पड़ा है। 19 जुलाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट उड़ान भरने के 16 मिनट बाद ही हैदराबाद लौट आई थी। वहीं, 16 जुलाई को दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल होने की खबर आई थी और उसे मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

इसके अलावा 15 जुलाई को पटना में इंडिगो फ्लाइट रनवे टच कर दोबारा उड़ गई और 8 जुलाई को इंदौर से रायपुर जा रही फ्लाइट को आधे रास्ते से इमरजेंसी में वापस लाना पड़ा था। इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Exit mobile version