दिल्ली। इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी लगातार जारी है।
मंगलवार देर रात जेद्दा और दुबई से कई भारतीय दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर पहुंचे। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जेद्दा से 200 यात्री उतरे। भारत लौटे लोगों ने राहत जताते हुए कहा कि अपने देश पहुंचकर सुरक्षित महसूस हो रहा है।
युद्ध के कारण ईरान ने रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को बंद कर दिया है। इससे भारतीय ध्वज वाले 37 जहाज फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में फंस गए हैं।
इन जहाजों पर 1,109 भारतीय नाविक सवार बताए जा रहे हैं। उधर पश्चिम एशिया के 8 देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद अब तक भारतीय एयरलाइंस की 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिससे हजारों यात्री विभिन्न एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
इस बीच अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान में भी हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे। कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया, जबकि इस्लामाबाद में डिप्लोमैटिक एन्क्लेव के पास पुलिस से झड़प हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इन घटनाओं में 34 लोगों की मौत और 120 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने विशेष कंट्रोल रूम बनाया है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
