भारत बना ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप विजेता, छत्तीसगढ़ में जश्न: रायपुर में तिरंगा लहराया, अंबिकापुर में उड़े रंग-गुलाल

रायपुर। भारत के ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप जीतते ही पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी जबरदस्त जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडियन टीम ने न्यूजीलैंड की टीम को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद प्रदेश के कई शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए और देर रात तक खुशी मनाते रहे।

राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक में हजारों क्रिकेट प्रेमी तिरंगा लेकर जुट गए। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते दिखाई दिए। देशभक्ति गीतों के बीच लोग “भारत-भारत” के नारे लगाते रहे। भीड़ अधिक होने के कारण जयस्तंभ चौक से शारदा चौक तक कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

अंबिकापुर के महामाया चौक में लोगों ने रंग-गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाया। यहां मौजूद एक सेना के जवान ने कहा कि भारत की जीत हर भारतीय की जीत है और हिंदुस्तान हमारे दिल में बसता है। वहीं धमतरी के घड़ी चौक में जश्न के दौरान महापौर Ramu Rohra भी लोगों के साथ झूमते नजर आए।

भिलाई के सिविक सेंटर में भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते टीम की जीत का जश्न मनाया। बिलासपुर में युवाओं ने बड़ी स्क्रीन लगाकर मुकाबला देखा और जीत के बाद आतिशबाजी की। वहीं कोरबा, रायगढ़, बस्तर और दंतेवाड़ा में भी क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ सड़कों पर नजर आई।

प्रदेश के कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया और तिरंगा लहराकर खिलाड़ियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने भी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं दीं। भारत की इस शानदार जीत के बाद छत्तीसगढ़ के कई शहरों में देर रात तक उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।

Exit mobile version