CM साय बोले- सकारात्मक माहौल में काम करने की मिलेगी प्रेरणा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने से उन्हें सकारात्मक वातावरण में काम करने की प्रेरणा मिलेगी और वे अपने कर्तव्यों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री आज पुलिस मुख्यालय नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर पुलिस विभाग के 255 करोड़ रुपए की लागत से तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों, पुलिस आवासीय भवनों और नवीन थाना भवनों की सौगात भी दी गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत सौभाग्य का है। प्रेजेंटेशन के माध्यम से देखा गया कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन अत्यंत सुंदर, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण बनाए गए हैं।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का सतत प्रयास है कि कर्मचारियों और अधिकारियों को बेहतर आवास एवं कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। उन्होंने इसे एक अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे सुदूर अंचलों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में साइबर पुलिस थानों का विस्तार किया जा रहा है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया।
इससे पहले 5 जिलों में साइबर थाना संचालित थे। उन्होंने बताया कि चार जिलों में भारत वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स चौकी सहित कई भवनों का भी लोकार्पण हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
