दिल्ली। देशभर में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। फरवरी के पहले ही सप्ताह में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर साफ दिखने लगा है। दोनों राज्यों में कई जगहों पर अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजस्थान के बाड़मेर और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव सबसे गर्म रहे। वहीं हरियाणा के कई जिलों में पारा 25 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
इसके विपरीत मध्य प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि खजुराहो में पारा 6.6 डिग्री तक गिर गया। उमरिया सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ।
बिहार के कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। गोपालगंज और मधुबनी में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि 12 फरवरी के बाद तापमान बढ़ने की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 9 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। गंगोत्री में तापमान माइनस 23 डिग्री तक पहुंच गया है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तेज ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर बना हुआ है, हालांकि कोहरा काफी हद तक छंट गया है। कुल मिलाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के तेवर बदलते नजर आ रहे हैं, कहीं गर्मी तो कहीं कड़ाके की सर्दी लोगों को प्रभावित कर रही है।
