रायपुर। आरंग पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी स्कूटी से 5 किलो गांजा, 2 मॉनिटर लिजर्ड (गोह) और 1,27,260 रुपए कैश जब्त किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 3,77,260 रुपए आंकी गई है। मॉनिटर लिजर्ड संरक्षित प्रजाति है, और वन्य जीव जंतु अधिनियम के तहत इसका शिकार या व्यापार करना अपराध है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक आरंग क्षेत्र में गांजा खपाने की तैयारी कर रहा है। इंदिरा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोककर तलाशी ली गई। आरोपी के पास से 5 किलो अवैध गांजा (2.5 लाख रुपए मूल्य), 2 संरक्षित मॉनिटर लिजर्ड और नकद जब्त किया गया। आरोपी हुकूमत साहू (37), निवासी तेलीबांधा, पहले से हत्या, मारपीट समेत 15 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजा गया। मॉनिटर लिजर्ड को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।
मॉनिटर लिजर्ड, जिसे गोह भी कहते हैं, स्थलीय और पेड़ पर चढ़ने में माहिर सरीसृप है। इसका शरीर भूरा और शल्कयुक्त होता है, जुबान सांप जैसी, पंजे मजबूत और शरीर गोल होता है। बच्चे रंगीन और पीठ पर बिंदियों के साथ पैदा होते हैं। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 और CITES की एप्पेंडिक्स-1 में शामिल है। इसका शिकार, खरीद-फरोख्त या व्यापार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित है।
इस गिरफ्तारी से गांजा तस्करी और वन्य जीवों के अवैध व्यापार पर कड़ी कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
