दिल्ली। मौसम विभाग (IMD Rain Alert) ने देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। 17 से 19 फरवरी के बीच उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक करीब 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है, वहीं कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ेगी। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश और राजस्थान का हाल
मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में बादल छाने और वर्षा के आसार बताए गए हैं। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। राजस्थान में भी मौसम करवट लेगा। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17 और 18 फरवरी को बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
UP और दिल्ली-एनसीआर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बारिश के संकेत हैं। दिल्ली-एनसीआर में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद अगले 24 घंटों में बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
