रायपुर में 20 हजार वर्गफीट अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 2008 से खड़ी बिल्डिंग जमींदोज

रायपुर। शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शनिवार को लालपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई की गई।

करीब 20 हजार वर्गफीट शासकीय जमीन पर बने अवैध कॉम्प्लेक्स को नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। यह कार्रवाई सीमांकन के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। भवन में 9 से 10 दुकानें संचालित हो रही थीं, जबकि ऊपरी हिस्से में पीजी के रूप में कमरे किराए पर दिए गए थे।

शनिवार सुबह से ही निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई थी। सबसे पहले भवन को खाली कराया गया, इसके बाद छह जेसीबी और दो पोकलेन मशीनों की मदद से दुकानों और कमरों को तोड़ने का काम शुरू किया गया।

देर शाम तक मलबा हटाने की प्रक्रिया चलती रही। आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार लालपुर क्षेत्र की करीब ढाई एकड़ शासकीय भूमि पर 50 से अधिक अवैध कब्जे पाए गए हैं। वर्तमान कार्रवाई के दायरे में अन्य निर्माण भी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शेष हिस्सों का भी जल्द सीमांकन कर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। महापौर मीनल चौबे ने साफ कहा है कि नियमों की अनदेखी कर किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस कॉम्प्लेक्स को गिराया गया, उसका निर्माण वर्ष 2008 से शुरू होकर करीब 12 वर्षों तक चलता रहा। इतने लंबे समय तक अवैध निर्माण होते रहने पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों ने इस अवधि में तैनात रहे जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो इतना बड़ा अतिक्रमण खड़ा ही नहीं हो पाता। निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version