महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने पिता, भाई और प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। यह हत्या 29 सितंबर 2024 को हुई थी, लेकिन पुलिस ने शुक्रवार को मामले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, लवली सिंह और आकाश सिंह ने भागकर शादी की थी, जिससे युवती के परिवार वाले नाराज थे। युवती का एक्स-बॉयफ्रेंड अभिनव सिंह भी घर का खर्च उठाता था। आरोप है कि युवती के परिवार और एक्स-बॉयफ्रेंड ने आकाश को घर बुलाया और विवाद के बाद उसकी हत्या कर महासमुंद के तालाब में शव फेंक दिया।
शुरुआत में तालाब में तैरते अज्ञात शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद दफना दिया था, क्योंकि उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को रायपुर के खम्हारडीह में 5 जनवरी 2025 को दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट का पता चला। राज्य स्तरीय क्राइम डेटा एनालिसिस से शव का हुलिया गुमशुदा आकाश से मेल खाया। इसके बाद 24 सितंबर 2025 को रायपुर पुलिस के समन्वय से कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया और DNA टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। डीएनए रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की और साबित किया कि आरोपी परिवार और प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन में राज्य स्तरीय और स्थानीय पुलिस की टीम ने समन्वय से काम किया। यह घटना न केवल महासमुंद बल्कि पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि इसमें परिवारिक विवाद और प्रेम संबंध का घातक परिणाम सामने आया है।