रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और रात में ठंडक बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर थोड़ा बढ़ेगा। हालांकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
वहीं सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों से रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे भारतीय भूमध्यरेखीय सागर के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है।
यह सिस्टम जमीन से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से उत्तर और मध्य भारत के मौसम में हल्का बदलाव देखा जा रहा है। साथ ही ऊपरी स्तर पर पछुआ हवाएं भी सक्रिय हैं, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है।
फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसम बदलाव के संकेत नहीं हैं। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह-रात की ठंड हल्की बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अचानक तापमान परिवर्तन से सर्दी-जुकाम और हाइपोथर्मिया जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
