बलरामपुर में 2 एकड़ से अधिक जमीन पर अफीम की अवैध खेती: प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में होगी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है। विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत त्रिपुरी के सरना टोली क्षेत्र में करीब 2 एकड़ से अधिक भूमि पर अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर कलेक्टर Rajendra Katara के निर्देश और पुलिस अधीक्षक Vaibhav Banker के मार्गदर्शन में प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पाया गया कि क्षेत्र में लगभग 2 एकड़ से अधिक जमीन पर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।

टीम ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित एजेंसियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। शाम होने के कारण विस्तृत वैधानिक कार्रवाई बुधवार सुबह की जाएगी।

प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए रात में पुलिस की निगरानी भी सुनिश्चित की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एनडीपीएस एक्ट से जुड़ी एजेंसियों और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद अफीम की खेती से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version