रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास शील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें मुख्य सचिव होंगे। एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद अब तक 12 मुख्य सचिव रह चुके हैं।
इस बार की नियुक्ति में चार वरिष्ठ अफसरों रेणु गोनेला पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल और मनोज कुमार पिंगुआ को सुपरसीड किया गया है। आदेश सचिव रजत कुमार ने जारी किया है।
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उसी शाम वे विकास शील को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे। परंपरा के अनुसार, जिस दिन नया सीएस ज्वॉइन करता है, उस दिन कोई बड़ी बैठक नहीं होती। केवल मुख्यमंत्री से मुलाकात होती है, जबकि अगले दिन मंत्रालय में अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
पौने चार साल का होगा कार्यकाल
जून 1969 में जन्मे विकास शील जून 2029 में 60 वर्ष के होंगे। इस तरह 30 सितंबर से कार्यभार संभालने के बाद वे करीब पौने चार साल तक मुख्य सचिव बने रहेंगे। यह अवधि उन्हें छत्तीसगढ़ के सबसे लंबे कार्यकाल वाले शीर्ष अधिकारियों में शामिल कर देगी। अब तक सबसे लंबा कार्यकाल अमिताभ जैन का रहा है, जिन्होंने 4 साल 10 महीने तक जिम्मेदारी निभाई। उनके बाद विवेक ढांड ने 3 साल 11 महीने तक पद संभाला।
मुख्य सचिव पद की योग्यता
सीएस बनने के लिए सामान्यत: 30 से 33 साल की प्रशासनिक सेवा का अनुभव आवश्यक माना जाता है। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री के विवेक और मंजूरी पर निर्भर करती है। कार्यकाल निश्चित नहीं होता, जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है। विकास शील की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। लंबे कार्यकाल से शासन की योजनाओं और नीतियों में निरंतरता और स्थायित्व मिलने की उम्मीद है।