पुणे एयरपोर्ट पर IAF विमान की हार्ड लैंडिंग: 8 घंटे बंद रहा रनवे, 91 फ्लाइट्स कैंसिल

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात भारतीय वायुसेना (IAF) के एक विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद बड़ा असर देखने को मिला।

इस घटना के चलते एयरपोर्ट का रनवे करीब 8 घंटे तक बंद रहा, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन पूरी तरह प्रभावित हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, शनिवार सुबह 7:30 बजे के बाद ही उड़ानों का संचालन सामान्य हो सका।

भारतीय वायुसेना के अनुसार, लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या के कारण विमान की हार्ड लैंडिंग हुई। सुरक्षा कारणों से तुरंत रनवे को बंद करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि विमान का पूरा क्रू सुरक्षित है और किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ।

इस घटना का असर सिविल एविएशन पर भी पड़ा। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि कुल 91 फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा। इनमें इंडिगो की 65, एयर इंडिया की 6, स्पाइसजेट की 5, अकासा एयर की 5 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 10 उड़ानें शामिल हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रात करीब 10:25 बजे विमान लैंडिंग के दौरान उसका लैंडिंग गियर (अंडरकैरेज) खराब हो गया, जिससे विमान रनवे पर जोर से टकरा गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह कौन सा फाइटर जेट था।

गौरतलब है कि पुणे एयरपोर्ट डुअल यूज मॉडल पर संचालित होता है, जहां सिविल और एयरफोर्स दोनों तरह के ऑपरेशन होते हैं। ऐसे में किसी भी सैन्य गतिविधि का असर सीधे कमर्शियल उड़ानों पर पड़ता है।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने रातभर मरम्मत कार्य पूरा कर लिया, जिसके बाद सुबह से उड़ानें फिर शुरू हो सकीं। दिनभर में संचालन पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।

Exit mobile version