दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन्यजीव शिकार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने महाराष्ट्र के राजकीय पशु शेकरू (विशाल गिलहरी) का शिकार कर डाला। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 दुर्लभ शेकरू को मारने के बाद उनकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हुआ।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बंशी राम कवासी ने अपने साथ कुल 10 अन्य लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना बारसूर थाना क्षेत्र की है। आरोपी ने जंगल में पेड़ों पर रहने वाले शेकरू को फंसाने के लिए पहले खाने का लालच दिया और फिर गुलेल से हमला कर 9 गिलहरियों को मार गिराया। इसके बाद सभी मृत जानवरों को घर लाकर उनके साथ वीडियो बनाया और बाद में उन्हें पकाकर खा लिया।
इस दौरान आरोपी ने एक वायरल गाने पर इंस्टाग्राम रील बनाकर पोस्ट कर दी, जो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गई। यह वीडियो वन विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग की टीम ने आरोपी की सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की और अबूझमाड़ क्षेत्र के एक गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथ शामिल अन्य 10 लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वन अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस दुर्लभ प्रजाति का शिकार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग को भी उजागर करती है।
