रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों के साथ रंगों के इस पर्व की खुशियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम का आयोजन विधायक अनुज शर्मा द्वारा किया गया था। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए उनका आभार जताते हुए उपस्थित नागरिकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का अवसर है। यह पर्व मन-मुटाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें जीवन में सकारात्मकता अपनाकर छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा और इसका उत्साह अभी से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में सहायता राशि अंतरित की गई है, जिससे किसानों में विशेष उत्साह है। किसानों की समृद्धि से इस बार होली का त्योहार और अधिक उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि किसानों को मिली आर्थिक सहायता से गांव-गांव में खुशी का माहौल है। समारोह में पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
