रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश में धान खरीदी के लक्ष्य को 70 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। यह निर्णय किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसमें किसान कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि 8 लाख मीट्रिक टन की अतिरिक्त धान खरीदी से किसानों की आमदनी में इजाफा होगा और राज्य की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार ने पारदर्शी और व्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की तैयारी पूरी कर ली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर मूल्य, समय पर भुगतान और सुविधाजनक खरीदी प्रक्रिया मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह निर्णय प्रदेश के किसानों में आत्मविश्वास और भरोसा बढ़ाने वाला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के अन्नदाता उन्नति की नई ऊँचाइयाँ छूएँगे।