कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया में विज्ञान और खगोलशास्त्र के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए कोरिया जिले में पहली बार ‘मेगा स्काई वॉचिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 10 मई 2025 को शासकीय आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल, बैकुण्ठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित हुआ। इसका आयोजन जिला प्रशासन, जूनियर रेड क्रॉस और ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी के संयुक्त प्रयास से किया गया।
इस कार्यक्रम में जिले के 500 से ज्यादा छात्रों ने भाग लिया। बच्चों ने टेलीस्कोप की मदद से चंद्रमा, मंगल और बृहस्पति जैसे ग्रहों का नजारा लिया। यह उनके लिए एक अनोखा और रोमांचकारी अनुभव रहा। शाम 5 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में सभी उम्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ब्रह्मांड की रहस्यमयी जानकारी दी गई और वैज्ञानिकों ने सरल भाषा में ग्रहों और तारों के बारे में बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना रजवाड़े ने बच्चों को विज्ञान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वैज्ञानिकों की टीम में पतित पावन कुइला, विजय कुमार, पूजा शर्मा और कमल डडसेना प्रमुख रूप से मौजूद थे। टेलीस्कोप विशेषज्ञ जीवन साहू और नीरज कुमार ने छात्रों को तारों और ग्रहों का अवलोकन करवाया।
छात्रों ने बताया कि उन्होंने पहली बार इतने पास से चंद्रमा और ग्रहों को देखा और यह अनुभव हमेशा याद रहेगा। कार्यक्रम का संदेश रहा: “मानवता के लिए विज्ञान, समाज के लिए विज्ञान, सोच में विज्ञान।” यह आयोजन न सिर्फ शैक्षणिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि बच्चों के मन में वैज्ञानिक सोच भी जगाई।