पीएम नरेंद्र मोदी-केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में श्रम सुधारों का ऐतिहासिक क्रियान्वयन, सीएम साय ने दी बधाई

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश में चार श्रम संहिताओं के ऐतिहासिक क्रियान्वयन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने इसे भारत के श्रम क्षेत्र के इतिहास में एक मील का पत्थर बताया और कहा कि यह 40 करोड़ से अधिक श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की अभूतपूर्व गारंटी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन चार श्रम संहिताओं के लागू होने से न्यूनतम वेतन का अधिकार, महिलाओं को समान वेतन, फिक्स्ड टर्म कर्मचारियों को ग्रेच्युटी, हर श्रमिक के लिए सामाजिक सुरक्षा, मुफ्त स्वास्थ्य जांच और ओवरटाइम पर डबल वेतन जैसी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित होंगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल श्रमिकों को लाभ मिलेगा, बल्कि औद्योगिक वातावरण अधिक पारदर्शी, संतुलित और श्रमिक-हितैषी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में यह कदम क्रांतिकारी है। उन्होंने कहा कि भारत की कार्यशील जनसंख्या राष्ट्र की उत्पादन शक्ति और आर्थिक समृद्धि की आधारशिला है, और उनके अधिकारों का संरक्षण किसी भी सशक्त राष्ट्र की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री साय ने श्रमिकों के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुधार नई अर्थव्यवस्था, बेहतर औद्योगिक संबंध और मजबूत श्रम बाजार का आधार बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से रोजगार, उत्पादन, निवेश और औद्योगिक विकास की गति और मजबूत होगी, जिससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ेगी।

Exit mobile version