हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, बंगाल से बुलाई गई थीं लड़किया

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई जिले की एक पॉश कॉलोनी में चल रहे देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी के एक किराए के मकान में पिछले तीन महीनों से यह अनैतिक धंधा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की ‘महिला रक्षा टीम’ और स्मृति नगर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस रैकेट को पकड़ा।

‘प्वाइंटर’ भेजकर बिछाया जाल

पुलिस को लंबे समय से इस मकान में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। पुख्ता जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने एक प्वाइंटर’ (फर्जी ग्राहक) भेजा। सौदा तय होते ही टीम ने दबिश दी, जहाँ से 8 लड़कियों को कस्टडी में लिया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, हुक्का, 12 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क और सप्लाई चेन

रैकेट की सरगना धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह बाहर से लड़कियां बुलाती थी। हिरासत में ली गई अधिकांश युवतियां पश्चिम बंगाल की हैं, जबकि कुछ छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से थीं। सरगना केवल मकान में ही देह व्यापार नहीं कराती थी, बल्कि ग्राहकों से सौदा तय होने पर लड़कियों को दो से तीन दिनों के लिए बाहर भी भेजा जाता था। पुलिस ने संचालिका रीना सिंह और दुर्ग निवासी एक ग्राहक अमन शेख को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय निवासियों में आक्रोश

पॉश इलाके में चल रहे इस रैकेट से स्थानीय लोग भी हैरान थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने करीब तीन महीने पहले ही यह मकान किराए पर लिया था। पकड़ी गई युवतियों को कानूनी प्रक्रिया के बाद कोर्ट के नियमों के अनुसार रिहा कर दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपियों पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version