सड़क पार करता दिखा हाथियों का दल, घंटों प्रभावित रही आवाजाही

बलरामपुर। रामानुजगंज-सनावल मुख्य मार्ग पर मंगलवार को उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब रामपुर के पास 22 हाथियों का एक बड़ा दल सड़क पार करता दिखाई दिया। हाथियों की मौजूदगी के कारण मार्ग पर कई घंटों तक आवाजाही प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

जानकारी के अनुसार हाथियों का यह दल पिछले लगभग दो माह से क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। दल के हाथी अलग-अलग जंगलों और ग्रामीण इलाकों में विचरण कर रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। हाथियों के लगातार मूवमेंट के कारण ग्रामीणों को खेतों और जंगलों की ओर जाने में भी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

मंगलवार को जब हाथियों का दल रामपुर के पास मुख्य सड़क पर पहुंचा, तब वन विभाग ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। अधिकारियों ने हाथियों के सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के बाद ही यातायात को बहाल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथियों को देखने के लिए सड़क किनारे जमा हो गए थे।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों ने फिलहाल रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में डेरा डाल रखा है। विभाग की टीमें लगातार उनके मूवमेंट पर नजर रख रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। गांवों में मुनादी कर लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में उनके करीब न जाने की समझाइश दी जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधियों की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें और अफवाहों से बचें। विभाग का कहना है कि सतर्कता और सहयोग से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। फिलहाल क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के चलते लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

देखे वीडियो

https://khabar36.com/wp-content/uploads/2026/06/WhatsApp-Video-2026-06-03-at-10.47.26-AM.mp4
Exit mobile version