नई दिल्ली। (Helicopter Crash) हेलिकॉप्टर दुर्घटना में इकलौते जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु ले जाया जा रहा है। उन्हें एबुलेंस से सुलूर लाया गया। यहां से उन्हें बेंगलुरू ले जाया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक उनके 3 ऑपरेशन हो चुके हैं। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे ग्रुप कैप्टन को बुधवार को वेलिंगटन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बता दें कि रूस निर्मित हेलिकॉप्टर एमआई-17वी5 दुर्घटना में रक्षा प्रमुख अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और सशस्त्र बल के 11 कर्मियों की मौत हो गई। इस हेलिकॉप्टर में ग्रुप कैप्टन सिंह देश के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी जनरल रावत की वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज की यात्रा के लिए संपर्क अधिकारी के तौर पर मौजूद थे। वह फिलहाल इसी प्रतिष्ठित कॉलेज में इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्यरत हैं।