देश के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा रोकी गई

दिल्ली। देशभर में मानसून का असर तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा नदी उफान पर है और किनारे बसे घर डूब गए हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से आगे लैंडस्लाइड के चलते रास्ता बंद हो गया है, जिससे यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। हालांकि बद्रीनाथ हाईवे पर बंद हुए मार्ग को खोल दिया गया है।

मध्य प्रदेश में भी मानसून सक्रिय है, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं, राजस्थान के जालोर में गुरुवार को सबसे अधिक 136 मिमी बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा में पानी घरों में घुस गया और हालात बिगड़ने पर एक भाजपा नेता को जनता ने पीट दिया। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है और ₹400 करोड़ से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां सड़कें बंद और सेवाएं बाधित हैं।

ओडिशा के बालासोर में भी बाढ़ गंभीर बनी हुई है। सुबर्णरेखा नदी के उफान से 35 गांव डूबे हुए हैं और अन्य इलाकों से संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है और रायगढ़ में घरों तक पानी पहुंच गया है। बारिश का यह सिलसिला अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version