रायपुर। छत्तीसगढ़ में अक्टूबर की शुरुआत बारिश के साथ हुई है और मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी हिस्सों में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अक्टूबर को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। यह सिस्टम लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 12 घंटे में और अधिक प्रबल होकर अवदाब के रूप में बनेगा। यह दक्षिण उड़ीसा और उत्तर आंध्र तट को 3 अक्टूबर की सुबह पार कर सकता है।
आज से अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम इस प्रकार रहने की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा है। विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में 3 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी और अति भारी बारिश होने की आशंका है। तेज हवा के कारण खड़ी फसलों को नुकसान होने की संभावना है। 4 अक्टूबर को मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम बादलों के छाए रहने वाला है। बारिश की संभावना है और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। किसानों और आम जनता को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।